फोटो 14::शहर के एक होटल की रसोई में जांच करते खाद्य विभाग के अधिकारी। स्राेत-विभाग
- मुख्यमंत्री के आदेश के बाद हरकत में आया प्रशासन
- जिले में 5413 प्रतिष्ठानों में लिखे जाएंगे मालिकों के नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। शासन के आदेश के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शहर के बड़े होटलों और रेस्टोरेंट में जांच पड़ताल की। इसके साथ ही टीमों की ओर से रेस्टोरेंट व होटल संचालकों को नए नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।
गुरुवार को जिला अभिहीत अधिकारी सतीश कुमार शुक्ला के निर्देश पर छह टीमों ने जिले में कई स्थानों पर अभियान चलाया। टीम की ओर से संचालकों को अपना एवं अपने कर्मचारियों का नाम डिस्प्ले करने का आदेश दिया गया। रसोई में स्वच्छता और मास्क लगाने से लेकर नॉन वेज और वेज सामग्री को अलग-अलग रखने के निर्देश दिए गए।
वहीं, लोगों ने भी प्रदेश सरकार के इस फैसले की सराहना की। लोगोंं ने कहा कि प्रतिष्ठानों के संचालकों को नाम लिखने में एतराज नहीं होना चाहिए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि शहर सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में विभाग की छह टीमों की ओर से अभियान चलाया गया। इसमें शहर के प्रतिष्ठित होटलों की रसोई घरों में भी जांच की गई।
कई होटलाें में तैनात कर्मचारी सुरक्षात्मक यूनिफार्म पहने नहीं मिले, जिसपर टीम की ओर से कड़ी चेतवानी दी गई और आगे से ऐसी लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़े होटल और रेस्टोरेंट में जाकर खाद्य सुरक्षा (फूड सेफ्टी) के मानकों का जायजा लिया।
रेस्टोरेंट के रसोई घर में जाकर खाद्य सामग्री के साथ-साथ खाना बनाने के तरीकों को देखा गया।, रसोई में रसोईया मास्क लगा कर रखा है या नहीं, सिर पर सेफ्टी कवर लगाया है, हाथ में मास्क हैं, इन सभी की जांच करते हुए नॉनवेज सामग्री और वेजीटेरियन सामग्री को अलग-अलग रखने के निर्देश दिए।