कानपुर। डीपीएस आजादनगर में शनिवार को मॉडल यूनाइटेड नेशंस (डीपीएसएएमयूएन) के छठवें संस्करण का शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एचबीटीयू के कुलपति शमशेर सिंह ने किया। इसमें नगर के विभिन्न विद्यालयों के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए विकासशील भारत को विकसित बनाने, कौशल विकास, भविष्य की चुनौतियों, एआई तकनीक, शोध लेखन, शिक्षा सुधार, स्वास्थ्य, वित्त और ग्लोबल वार्मिंग जैसे मुद्दों पर विचार रखे। संयुक्त राष्ट्र की तर्ज पर मानवाधिकार परिषद, सुरक्षा परिषद, महिला स्थिति, पर्यावरण कार्यक्रम, बाह्य अंतरिक्ष, आर्थिक एवं वित्तीय मामलों समेत विभिन्न परिषदों का गठन किया गया। इनमें अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव भी हुआ। विद्यार्थियों ने वैश्विक और समसामयिक मुद्दों पर तर्क के जरिये समाधान तलाशने का प्रयास किया।