कानपुर। एसजीएसटी के अफसरों ने सोमवार को श्रमशक्ति एक्सप्रेस में छापा मारकर कर चोरी कर लाया जा रहा 50 लाख का माल जब्त कर लिया। सहायक आयुक्त राज्य कर अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में छह टीमों ने सोमवार सुबह छह बजे सेंट्रल स्टेशन पहुंचकर श्रमशक्ति एक्सप्रेस के पार्सल वैन की जांच की। अफसरों ने कर चोरी में होजरी, इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स, मोबाइल एसेसरीज, फुटवियर सोल आदि के 275 नग कब्जे में लिया है। अधिकारियों ने बताया कि माल का वास्तविक मूल्य भौतिक सत्यापन और मूल्यांकन के बाद ही पता चलेगा। अनुमानित माल की कीमत लगभग 50 लाख रुपये है। माल को जांच के लिए लखनपुर स्थित कार्यालय परिसर लाया गया है। भौतिक सत्यापन और दस्तावेजों की जांच के बाद अर्थदंड और जुर्माना वसूले जाने की कार्रवाई की जाएगी।