पुखरायां। सर्दी के मौसम में छाए रहने वाले घने कोहरे को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने झांसी-लखनऊ रेल रूट की कई ट्रेनों के संचालन में आंशिक फेरबदल किया है। यात्रियों की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए झांसी मंडल के डीआरएम ने इसके निर्देश जारी किए हैं। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि डीआरएम रेलवे झांसी मंडल अनिरुद्ध कुमार ने निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत झांसी-लखनऊ इंटरसिटी नंबर 11110 व 11109 पांच दिसंबर से दो फरवरी 2027 तक प्रत्येक शनिवार और रविवार को पूरी तरह रद रहेगी। इसके अलावा, ग्वालियर से बरौनी जाने वाली ट्रेन नंबर 11123 तीन दिसंबर से 25 फरवरी 2027 तक हर सोमवार और बृहस्पतिवार को नहीं चलाई जाएगी। जबकि वापसी में बरौनी से ग्वालियर आने वाली ट्रेन नंबर 11124 चार दिसंबर से 26 फरवरी 2027 तक मंगलवार और शुक्रवार को निरस्त रहेंगी। वहीं, यात्रियों की सुविधा को प्रभावित करने वाले एक अन्य निर्णय के तहत झांसी से कोलकाता के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 22197 व 22198 को चार दिसंबर से 28 फरवरी 2027 तक पूरी अवधि के लिए निरस्त किया गया है। (संवाद)