कानपुर। सुतरखाना थाना क्षेत्र में स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में चोरों ने दिनदहाड़े सुबह पौने दस बजे वारदात को अंजाम दे दिया। यह सुरक्षा में बड़ी चूक है। सुबह के वक्त मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है इसके बाद भी चोर भगवान के घर से चांदी के सात मुकुट चोरी कर आराम से निकल गए। ऐसे में अब मंदिर में रहने वाले कर्मचारियों की भूमिका भी शक के दायरे में आ गई है। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है। श्री सिद्धि विनायक मंदिर को धर्म विशेष की आस्था का बड़ा केंद्र माना जाता है। यहां तड़के से श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो जाता है। वारदात को सुबह पौने दस बजे अंजाम दिया गया। सवाल इस बात का उठता है कि इस वक्त मंदिर में मौजूद अन्य कर्मचारियों का इस ओर ध्यान क्यों नहीं गया। मंदिर के मुख्य गर्भगृह में पुजारी मौजूद रहते हैं। सभी जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके बाद एक युवक और महिला श्रद्धालुओं की मौजूदगी में एक नहीं सात मूर्तियों से चांदी के मुकुट चुराकर आराम से निकल गए। इसके बाद भी मंदिर प्रशासन को कानोकान खबर न हुई। शाम पांच बजे जब साफ सफाई की गई तब चोरी की बात सामने आई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कर्मचारियों से पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।