कानपुर। बिधनू के माधव बाग बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार देर शाम पेट्रोल के 20 रुपये को लेकर युवकों और कर्मचारियों में मारपीट हो गई। मगरासा गांव निवासी नीरज पासवान के मुताबिक चाचा छोटे पासवान की दो भैंसें रविवार को गायब हो गई थीं। नीरज साथी गुड्डू के साथ बाइक से उनकी तलाश में निकला था। दोनों माधव बाग बाजार स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन लेने पहुंचे। आरोप है कर्मचारी ने 50 की जगह 30 रुपये का पेट्रोल डाला। 20 रुपये मांगने पर साथी कर्मचारियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। इससे नीरज के होंठ से खून निकलने लगा। घटना वहां लगे सीसी कैमरे में कैद है। उधर, पंप मालिक विनय ने दावा किया कि दोनों लूट के इरादे से पंप पर आए थे। बचाव के दौरान स्टाफ का युवकों से विवाद हुआ। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। संवाद