पिता ने 25 जनवरी को लखनऊ में उपमुख्यमंत्री आवास के सामने परिवार सहित आत्मदाह की चेतावनी दी थी। मंगलवार को उसका सांसद से बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें वह सांसद साक्षी महाराज को प्रशासन द्वारा वादा पूरा न करने की बात बताता है।
वह उनके (सांसद) के घर के सामने मरने की बात कहता है। ऑडियो में सांसद, मृतका के पिता को पहले समझाते हैं लेकिन, घर के सामने मरने की बात कहने पर वह झल्ला कर कहते हैं हमारे यहां क्यों...डीएम के यहां मरो जाकर। एप्लीकेशन वहीं, तो दिया था ना।
इस समय यह वायरल ऑडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। सांसद साक्षी महाराज ने बताया कि जब बातचीत हुई थी, तब वह उत्तराखंड में थे। काफी देर तक बात की थी और समझाया था। उन्होंने बताया कि ऑडियो से छेड़छाड़ कर वायरल किया गया है।
परिवार सहित आत्मदाह की दी थी चेतावनी
बता दें कि अनुसूचित जाति की युवती की हत्या के मामले में परिजनों ने प्रशासन पर गलत रिपोर्ट लगाने के कारण आर्थिक मदद न मिल पाने का आरोप लगाया था। मृतका के पिता ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि वह 25 जनवरी को उपमुख्यमंत्री आवास के सामने परिवार सहित आत्मदाह करेगा।
अधिकारियों ने शासन को भेजी गई अपनी रिपोर्ट में लिखा था कि पीड़ित परिवार को आठ लाख रुपये आर्थिक सहायता और कॉलोनी में आवास आवंटित है। अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने बताया मामले की जानकारी नहीं है। परिवार से बात की जाएगी कि उनकी क्या मांग है।