जिला जेल से सेटिंग से लेकर शहर व आस पास के इलाकों में जेल में बंद अब्बास अंसारी व उसकी पत्नी निखत मामले में सहयोगियों में सपा का कनेक्शन सामने आया है। अब जांच टीम इन नेताओं की सूची बनाकर उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही है।
चित्रकूट जिला जेल में नियमों के विपरीत विधायक पति से मिलने के दौरान पकड़ी गई निखत बानो और नियाज से एसटीएफ व एसआईटी ने पूछताछ की। एसआईटी और एसटीएफ की टीम ने निखत और नियाज के जवाबों को मिलाकर जब नए सवाल किए तो दोनों की बोलती बंद रही।
विज्ञापन
बताया गया कि जांच टीम ने फोन कॉल व डीवीआर से मिले लोगों के नामों की सूची उनके सामने रखी तो ज्यादातर नामों पर दोनों ने कहा कि वह नहीं जानते। जब कहा गया कि इन नंबरों पर जेल से अब्बास अंसारी ने बात की है तब दोनों चुप हो गए।
सोमवार की सुबह एसटीएफ और एसआईटी टीम ने फिर से निखत से चुनाव की फंडिंग करने वालों के नाम पूछे। उधर बताया गया कि पूछताछ के दौरान निखत व नियाज ने जेल अधिकारियों को महंगे गिफ्ट देने की बात मानी है। ऐसे में उनके खिलाफ भी अब कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
विज्ञापन
सपा नेता बन रहे मददगार
वहीं दूसरी ओर, जिला जेल से सेटिंग से लेकर शहर व आस पास के इलाकों में जेल में बंद अब्बास अंसारी व उसकी पत्नी निखत मामले में सहयोगियों में सपा का कनेक्शन सामने आया है। सपा के जिला महासचिव फराज खान को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने रविवार को उसके घर में छापा भी डाला।
उसके पिता व भाई को पूछताछ के लिए पकड़कर लाई। बताया गया कि रिमांड के दौरान निखत और नियाज ने जिन मददगारों के नाम बताए हैं उसमें कई सपा के स्थानीय और बांदा के आसपास के नेता हैं। अब जांच टीम इन नेताओं की सूची बनाकर उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही है।
सरेंडर की फिराक में सपा नेता
निखत बानो व नियाज की जिले में मदद के नाम पर सामने आए सपा महासचिव फराज खान पुलिस के बढ़ते दबाव को देखते हुए अब सरेंडर की फिराक में है। सोमवार को कोतवाली से लेकर कचहरी तक में यह चर्चा रही कि सपा नेता सरेंडर करने वाला है। ऐसे में पुलिस टीम सतर्क रही। एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि इस नेता का नाम आया है जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। जल्द इसे पकड़ लिया जाएगा।
नियाज ने किया सहयोग, निखत करती रही टालमटोल
एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि जांच में शामिल सीसीटीवी फुटेज व डीवीआर की रिपोर्ट आ गई है। इसका मिलान कर दोनों के बयान भी लिए गए। इनके बयान व फुटेज की रिपोर्ट में काफी अंतर है। दाउद से संबधों पर तो कुछ नहीं मिला है। इसी रिपोर्ट के आधार पर कई जगह छापेमारी की जाएगी। निखत के एक फोन के रिकार्ड को लैब भेजा गया है। बताया कि निखत ने जांच में सहयोग नहीं किया जबकि नियाज कई सवालों के जवाब दे रहा है।