रूरा। आरओबी के मुख्य सेतु का काम तेजी पर है। उत्तर छोर पर पिलर पर पांच गर्डर रखने का काम पूरा होने के बाद इन्हें जोड़ने का काम शुरू करा दिया गया। अब दक्षिण छोर पर पिलर पर गर्डर रखने का काम शनिवार को होने की उम्मीद है। इसके लिए डाकघर की तरफ जगह बनाई गई है।
नगर का आरओबी साढ़े चार साल बीतने के बाद भी अधूरा है। इसकी वजह से लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है। संकरे अंडरपास में पानी भरता है। जाम लगता है तो घंटों वाहन सवार फंसते हैं। अब मुख्य सेतु पूरा करने के लिए पिलरों पर गर्डर रखने का काम डीएफसीसी करा रहा है। उत्तर की ओर पिलरों पर पांच गर्डर रखने का काम पूरा होने के बाद शुक्रवार को इन पिलरों को लोहे के एंगलों से आपस में जोड़ने का काम शुरू हो गया। यह काम तीन दिन में हो सका है।
अब दक्षिण की तरफ पिलरों पर गर्डर रखने का काम कराया जाना है। यह काम शनिवार को शुरू कराया जाएगा। डाकघर की तरफ इसके लिए जगह बनाई गई है। केबिन फाटक के बूम व सिग्नल पिलर को हटा दिया गया है। फिलहाल बैरीकेडिंग कर दी गई है। डीएफसीसी के स्थानीय प्रबंधक अमित कनौजिया ने बताया कि गार्डर रखने का आधा काम पूरा हो गया है। अब शेष 5 गार्डर रखने काम शनिवार को होगा।