इटावा। सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बसरेहर रामलीला महोत्सव में भगवान श्री राम दरबार की आरती उतारी। श्रीराम रावण युद्ध व अहिरावण वध लीला मंचन का शुभारंभ किया। शिवपाल ने नाम लिए बगैर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि रावण की भांति सत्ताधारियों का भी समूल नाश होगा। रावण विद्वान और बलशाली था लेकिन अहंकार ने उसका समूल नाश करा दिया था। वह अपना विरोध सहन नहीं कर पाता था, विरोध करने वाले का खात्मा करा देता था। तीनों लोकों के त्रस्त होने पर भगवान श्रीराम ने रावण का वध कर दिया। अब जनता जनार्दन अहंकारियों का सफाया करती है। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख व प्रधानाचार्य डॉ. अजंट सिंह यादव, संयोजक हेमकुमार शर्मा, रोहित यादव आदि मौजूद रहे।