कानपुर। अयोध्या में 5 अगस्त को होने वाले भगवान श्री राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन को लेकर शुक्रवार को स्थानीय संघ भवन में बैठक कर पूजन दिवस के दिन के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में प्रान्त प्रचारक श्रीराम ने सभी जिला प्रचारकों से 5 अगस्त के कार्यक्रम की चर्चा किया। तय किया गया कि सम्पूर्ण हिन्दू समाज के घरों में पांच को दिन में सुन्दरकाण्ड,हनुमान चालीसा के पाठ किया जाएगा। सायंकाल घरों में दीप प्रज्वलन किया जाएगा। प्रान्त सह प्रचार प्रमुख अनुपम ने बताया कि केशव भवन संघ कार्यालय कानपुर में 4अगस्त की प्रातः से अखण्ड रामायण का आयोजन किया जायेगा। अगले दिन प्रातः हवन का आयोजन किया जाएगा। बताया कि प्रशासन से अनुमति मिल गयी तो शारीरिक दूरी का पालन करते हुये भंडारे का आयोजन किया जायेगा। बैठक में भवानी भीख, दिनेश कटियार, वीरेंद्र पाठक सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।