कानपुर। कानपुर देहात के औरंगाबाद क्षेत्र के रहने वाले शिवजीत सिंह आजादनगर डिपो के चालक हैं। शिवजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि बीती 25 अक्तूबर को वह परिचालक आशीष कुमार के साथ बस लेकर आगरा जा रहे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे से तीन बजे के बीच उन्होंने भाटिया चौराहे पर सवारी बैठाने के लिए बस रोकी। इसी दौरान इटावा डिपो के परिचालक और उसके साथी चार पहिया वाहन से वहां पहुंचे। गाली-गलौज करने लगे। परिचालक को बस से खींच लिया और पीटा। बचाव के दौरान चालक शिवजीत सिंह को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनके सिर में चोट आई। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पनकी थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)