अपनी दादी के साथ थाना परिसर में बैठे राजेश के बच्चे।
- फोटो : crime
घाटमपुर कोतवाली के रायपुर (पतारा) गांव में 29 फरवरी को पेड़ से गिरकर मरे युवक के पिता ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है। मंगलवार को रघुनाथपुर (पतारा) निवासी दन्नू अपनी पत्नी और मृतक युवक के पांच बच्चों के संग कोतवाली आया। जिस समय वह थाने पहुंचा तो वहां एसपी (ग्रामीण) का मुआयना चल रहा था।
दन्नू ने बताया कि वह एसपी के सामने अपनी बात कहना चाह रहा था। लेकिन, उसे उनके पास तक जाने नहीं दिया गया। दन्नू ने घटना के बारे में बताया कि 29 फरवरी को पड़ोसी गांव रायपुर निवासी पशुपति मिश्रा उसके घर आए और उसके पुत्र राजेश (40) को पेड़ में लगे मधुमक्खी के छत्तों से शहद निकालने के लिए लालच देकर अपने संग ले गए।
बताया कि राजेश पशुपति के दबाव में आकर पेड़ पर चढ़ गया। दो छत्ते तोड़ने के बाद तीसरे छत्ते को तोड़ने लगा, तभी असंतुलित होकर सिर के बल पेड़ से नीचे आ गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दन्नू ने पशुपति मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग की है। एसओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि दन्नू की तहरीर पर आरोपों की जांच की जा रही है।