कानपुर। चकेरी, जाजमऊ व पनकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ देर रात डीजे बजाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। चकेरी के श्यामनगर चौकी प्रभारी दिवेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि 26 फरवरी की रात सिन्हा रोड पर स्थित राजेश्वरी रिसोर्ट में शादी समारोह के दौरान देर रात तेज आवाज में बैंड और डीजे बजाया जा रहा था। गेस्ट हाउस के प्रबंधक राजेंद्र कुमार पाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसी तरह जाजमऊ के दरोगा प्रवीन कुमार ने बताया कि 25 फरवरी की देर रात नई बस्ती नूरी रोड निवासी संजय कुमार भतीजी के शादी समारोह का आयोजन एक खाली पड़े स्थान पर कर रहे थे। देर रात तक डीजे बजाए जाने पर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। वहीं, पनकी थाना क्षेत्र में द काश रेस्टोरेंट एंड रूफ टॉप में शुक्रवार देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस ने रेस्टोरेंट के मालिक अमलेश सिंह और संचालक अमन शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। (संवाद)