कानपुर। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बुधवार को जोन दो के पार्षदों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।
मोतीझील स्थित सभागार में हुई बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि सभी तालाबों और पार्कों के सुंदरीकरण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। पार्षदों से समन्वय बनाकर और संबंधित थाने को सूचना देकर नियमानुसार अतिक्रमण हटाया जाए। जलकल विभाग से जुड़ी सीवर की समस्याओं के समाधान के लिए जोनल अभियंता को पार्षदों के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर तत्काल निराकरण करने के लिए कहा। वहीं, मार्ग प्रकाश से संबंधित शिकायतें अधिक मिलने पर प्रभारी अधिकारी को तीन दिन में सभी लंबित पत्रावलियों की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए निर्देश दिए। जोनल स्वच्छता अधिकारी को पार्षदों के निरंतर संपर्क में रहकर व्यवस्था बनाए रखने और खराब सड़कों और क्षतिग्रस्त नालियों की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में चकेरी, सफीपुर, ओमपुरवा सहित जोन दो के 13 पार्षद शामिल हुए।