चिल्ला। थाना क्षेत्र के दोहतरा गांव में शुक्रवार की देर शाम ट्रक की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत मामले में शनिवार की देर शाम शव के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने मुआवजा दिलाने व बांदा-कानपुर राजकीय राजमार्ग के चौड़ीकरण को लेकर जाम लगा दिया। लगभग दो घंटे जाम चलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया।
चिल्ला थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम बाइक सवार रामकिशोर (40) व विष्णु (22) को दोहतरा गांव के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे रामकिशोर की मौत हो गई थी। जबकि विष्णु गंभीर घायल हो गया था। शनिवार की देर शाम मृतक रामकिशोर के शव का पोस्टमार्टम के बाद घर आया तो परिजनों और ग्रामीणों ने बांदा-कानपुर राजकीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। परिजनों की मांग थी कि सड़का चौड़ीकरण किया जाए। मृतक को मुआवजा व घायल के इलाज की व्यवस्था की जाए। जाम की सूचना पर चिल्ला थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। ल्रगभग दो घंटे जाम चलने के बाद पैलानी तहसीलदार कमलेश कुमार व बसपा नेता जयराम सिंह ने पहुंचकर मृतक के परिजनों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया है।