कानपुर। जूही बंबुरहिया इलाके में क्रोमियम युक्त दूषित पानी फेंक रहे सबमर्सिबल पंप एनजीटी के आदेश पर बंद करना जलकल विभाग को भारी पड़ रहा है। विभाग ने भारी विरोध के बीच गुरुवार को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में एक पंप हटाया, दूसरा पंप शुक्रवार को हटाना, हालांकि लोगों ने जलकल के जोनल कार्यालय में इलाकाई पार्षद के साथ धरना दे दिया और जमकर नारेबाजी की। इसके चलते शुक्रवार को इलाके का दूषित पंप नहीं हटाया जा सका। जोनल कार्यालय में हंगामा कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि जल संस्थान भले ही दो बार पानी आने का दावा करता हो लेकिन ऐसा नहीं है। जो पानी आता है वह बदबूदार है। जलकल जोन तीन के अधिशासी अभियंता सचिन सिंह ने बताया कि गंगा बैराज से दिन में दो बार पानी आ रहा है, हालांकि लोग सबमर्सिबल पंप हटाने का विरोध कर रहे हैं। एनजीटी के आदेश के तहत पंप हटाना अनिवार्य है। अगर बदबूदार पानी आ रहा है तो इलाके के पास जहां भूजल अच्छा होगा, वहां सबमर्सिबल पंप लगाकर पाइप के माध्यम से पानी की सप्लाई करा देंगे। संवाद