इटावा। निजी हास्पिटल का निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी सीएमओ को अस्पताल संचालक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। संचालक ने फिर से अस्पताल में पहुंचने पर गोली मारने की बात कही। इस पर डिप्टी सीएमओ ने थाना फ्रेंडस काॅलोनी में अस्पताल संचालक के खिलाफ तहरीर दी है।
डिप्टी सीएमओ डाॅ. श्रीनिवास यादव थाना में वत तहरीर में कहा है कि वे अग्निशमन अधिकारी सनद पटेल के साथ पीएसी बटालियन के दूसरे गेट के सामने संचालित एक अस्पताल का निरीक्षण करने 20 मार्च को पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान हाॅस्पिटल में तय चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थित नहीं मिला। इस पर उन्होंने जब सवाल किया तो संचालक ने उनके साथ गाली-गलौज व अपमान जनक भाषा का प्रयोग करते हुए अभद्रता की। उन्हें गोली मारने की धमकी दी। कहा कि यदि दोबारा आए तो जान से मार दूंगा। मामले में उन्होंने प्रशासन के उच्च अधिकारियों को पत्र भेज दिया था। थानाध्यक्ष दिवाकर सरोज ने बताया कि मामले में पत्र मिला है लेकिन यह उच्चाधिकारियों के माध्यम से आना चाहिए था जैसे निर्देश होंगे आगे कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)