कानपुर देहात। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में जिला प्रशासन 2636 सौ करोड़ के 90 उद्यम धरातल पर उतारने की तैयारी में है। सरकार से जिन उद्यमियों का करार (एमओयू) हुआ हैं, उन्हें भी जल्द पूर्ण कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए उपायुक्त उद्योग व अन्य जिला प्रशासन के अधिकारी समीक्षा कर खामियां दूर करा रहे हैं। सब कुछ ठीक रहा और उद्योग समय से स्थापित हुए तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
प्रदेश सरकार ने इसी साल फरवरी में ग्लोबल इनवेस्टर समिट का आयोजन किया था। सरकार की मंशा थी कि उद्योगों को बढ़ावा मिले और रोजगार सृजन के अवसर बढ़े। कई कंपनियों को इसमें आमंत्रित किया गया था। जिले से तमाम बड़े उद्यमी शामिल हुए। इसमें जिले से 208 लोगों ने 10641 करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव दिए थे। उसके बाद से ही सरकार ने इन प्रस्तावों पर काम करना शुरू किया। अधिकारियों का दावा है कि यूपी में जल्द(नवंबर-दिसंबर) ही ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 2636.26 करोड़ के 90 उद्योग धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू की गई है। यह उद्योग लगभग पूर्ण हो चुके हैं। जिला प्रशासन व उद्योग विभाग अब अंतिम रूप देने में जुटा है। अब तक जिन उद्यमों का चयन हुआ है अगर वह समय से धरातल पर उतरे तो हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
22 विभागों से 208 उद्योगों के लिए 10641 करोड़ का हुआ था करार
जिला उद्योग केंद्र के मुताबिक उत्तर प्रदेश ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, सहकारिता विभाग, डेयरी विकास विभाग, ऊर्जा के अतिरिक्त स्रोत विभाग, चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंकरण विभाग, पर्यटन, सूक्ष्य, लघु एवं उद्यम विभाग समेत 22 विभागों से 208 उद्यमियों ने सरकार से 10641.10 करोड़ का एमओयू साइन किया था। इसमें सबसे अधिक उद्योग विभाग के 1639.53 करोड़ के 73 उद्योग शामिल हैं।
-
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल होने वाले बड़े उद्यम
कामधेनू कैटल फीड्स- 50 करोड़
डिलाइट इंटर प्राइजेज प्रा.लि.-50 करोड़
आरएसपीएल लिमिटेड-200 करोड़
आरपी पोली मैनूफैक्चरिंग-15 करोड़
जेजीएफ इंडस्ट्रीज प्रा. लि.- 35 करोड़
-
इंवेस्टर्स समिट के दौरान जिन उद्यमों को स्थापित करने के लिए एमओयू को हुए थे। उन्हें ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जिन उद्यमियों द्वारा एमओयू साइन किए गए हैं उनको जमीनी हकीकत में तब्दील कराएं और हर संभव मदद की जाए। जो उद्यम पूर्ण हो चुके हैं उनके भूमि के दस्तावेज तथा जीपीएस युक्त फोटो साइट पर अपलोड कराने के निर्देश दिए गए हैं।
लक्ष्मी, एन. सीडीओ
-
इंवेस्टर्स समिट में हुए करार के बाद अब 90 उद्यमों को ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में धरातल पर उतारने की तैयारी है। इनमें से अधिकांश पूर्ण हो चुके हैं। जिन उद्यमियों के सामने समस्याएं आ रही हैं, उन्हें दूर कराया जा रहा है। कई उद्यमी अपने उद्योगों को स्थापित करने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं। -मोहम्मद साऊद, उपायुक्त उद्योग