कानपुर। नरवल के दीपापुर में गर्भवती किरन (26) की अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार रात मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति पर शराब के नशे में पीटने का आरोप लगा हंगामा किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फतेहपुर के जाफरगंज निवासी हनुमान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बेटी किरन की शादी दो जून 2022 को नरवल के दीपापुर निवासी प्रदीप कुरील से की थी। दो बेटे प्रतीक और प्रखर हैं। किरन चार माह की गर्भवती थी। परिजन का आरोप है कि शराब का लती होने के कारण पति उनकी बहन को बहुत पीटता था। बुधवार को प्रदीप ने नशे में डंडों से बहन को जमकर पीटा। इसके चलते रविवार रात उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आक्रोशित परिजन शव लेकर किरन के ससुराल पहुंचे और हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। नरवल थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद