पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रमोद तिवारी ने कहा कि बुआ-बबुआ का रिमोट भाजपा के पास है। उपचुनावों में हिस्सा न लेने वाली बसपा ने आज उपचुनावों में अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। बुआ-बबुआ जनता के हक के लिए लड़ने के बजाय आपस में लड़ रहे हैं।
जबकि कांग्रेस किसान व युवाओं के साथ संविधान की रक्षा के लिए भाजपा से मुकाबला करने में डटी है। शुक्रवार को घाटमपुर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कृपा शंकर संखवार के समर्थन में कस्बे के जहानाबाद रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रमोद तिवारी ने भाजपा, सपा व बसपा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने बसपा विधायकों की सपा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद आई बसपा सुप्रीमो मायावती तीखी प्रतिक्रिया पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के इशारे पर बसपा चल रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा लाया गया कृषि बिल अन्नदाता को उसके ही खेत में मजदूर बना देगा।
सरकार ने बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए साजिश के तहत किसान को मिलने वाला एमएसपी न्यूनतम समर्थन मूल्य का प्रावधान खत्म कर दिया है। कांग्रेस ही एमएसपी लाई थी। भाजपा सरकार किसानों का हक छीन रही है।