मुंगीसापुर। क्षेत्र के महमूदापुर में मंगलवार रात शार्ट सर्किट से प्रधान के घर आग लग गई। जब तक घर के लोग आग बुझाते तब तक रसोई घर व कमरे में रखा सामान जल कर राख हो गया। ग्राम प्रधान ने घटना की जानकारी लेखपाल को दी है।
महमूदापुर निवासी सुनील कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी प्रधान है। मंगलवार देर शाम परिवार सहित खाना खाने के बाद कमरे में सो रहा था। रात करीब 10 बजे अचानक से रसोई घर के पास रखी फ्रिज में शार्ट सर्किट से आग लग गई। धुआं उठने पर जानकारी हुई तो घर के लोग कमरे से बाहर आए। पड़ोस के लोगों की मदद से आग बुझाने के लिए सबमर्सिबल चालू कर पानी डाला गया। जब तक आग बुझाई जाती रसोई घर व पास में रखा सामान जल कर राख हो गया। बताया कि आग से लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल कलीम खान ने बताया कि क्षति आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को सौंपी जाएगी