कानपुर देहात। दीपावली पर्व में सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को एसपी के निर्देश पर एसओजी टीम, थानों की पुलिस व डॉग स्क्वायड सचल दल कस्बों में संदिग्ध स्थान, वस्तु व संदिग्ध घूम रहे लोगों की चेकिंग करती रही। लोगों को त्योहार पर सुरक्षा का एहसास कराया गया। वहीं भीड़ भाड़ वाले स्थान, रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड आदि पर विशेष निगरानी की गई।
एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर होटल, रेस्टोरेंट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के साथ प्रमुख बाजारों व प्रतिष्ठानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस का खुफिया विभाग भी निगरानी रख रहा है। शनिवार को पुलिस की टीमों ने अकबरपुर, रनियां, पुखरायां, रूरा, झींझक आदि स्थानों पर डॉग स्क्वायड के साथ मिलकर चेकिंग की। एसपी ने सभी सीओ, थाना व चौकी प्रभारियों को लगातार फील्ड में मौजूद रहकर कानून व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। बताया कि एसओजी व डॉग स्क्वायड की टीम ने संदिग्ध स्थानों, संदिग्ध लोगों पर नजर रख चेकिंग कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की है संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तु के बारे में 112 पर पुलिस को सूचित करें।