बर्रा करर्ही रोड पर पीएनजी पाइपलाइन फटने के बाद मरम्मत करते कर्मचारी
- फोटो : क्षेत्रीय नागरिक
कानपुर। बर्रा में सीवर लाइन के लिए खोदाई के दौरान पीएनजी लाइन फट गई। तेज रिसाव होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस व पीएनजी के कंट्रोल रूम को सूचना दी। 2.20 घंटा तक चली मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल हुई। बर्रा बाईपास से कर्रही रोड होते हुए हमीरपुर रोड तक सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। कर्रही रोड पर जरौली फेज वन स्थित बालाजी मंदिर के पास जेसीबी से सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई शुरू की। इस दौरान भूमिगत पीएनजी लाइन का पाइप फट गया। तेजी से रिसाव होने पर काम कर रहे मजदूर भाग खड़े हुए। इस लाइन से करीब 700 उपभोक्ताओं के घर गैस की आपूर्ति होती है। स्थानीय लोगों ने पुलिस व पीएनजी के टोल फ्री नंबर पर सूचना दी। सीयूजीएल के वरिष्ठ प्रबंधक माही खान ने बताया कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना 1:40 बजे मिली थी। मौके पर टीम को भेजकर मरम्मत करा दी गई है। शाम चार बजे से गैस सुचारू रूप से चालू हो गई। (संवाद)