कानपुर। अशोकनगर में फातिमा स्कूल के सामने सोमवार रात बैराज से आने वाली जलनिगम की 11 नंबर मुख्य पेयजल लाइन फट गई। इससे हजारों लीटर पानी सड़क और नालियों में बह गया। मंगलवार को जलनिगम ने बैरिकेडिंग कराकर जेसीबी से खोदाई और मरम्मत का काम शुरू कराया। आपूर्ति बंद होने से करीब पांच हजार घरों में पेयजल संकट रहा। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि पुरानी पाइपलाइन जगह-जगह खराब है। हर बार मरम्मत के बाद कुछ महीने में फिर समस्या हो जाती है। पिछले 10 माह में इसी स्थान पर तीसरी बार पाइपलाइन फटी है। करीब चार महीने पहले भी यहां लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। पाइपलाइन किस विभाग की है इसे लेकर जलकल और जलनिगम के बीच मामला उलझने तथा जेसीबी की व्यवस्था में देरी से काम देर से शुरू हुआ। जलनिगम के अवर अभियंता अनिल कुमार निगम ने बताया कि 300 एमएम का एक फीट पाइप ज्वाइंटर लगाकर बदला जा रहा है। बुधवार सुबह तक मरम्मत पूरी कर बैराज से आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। (संवाद)