कानपुर। विकास खंड सरसौल शिशुपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट शेखर सचान पर ग्रामीणों ने पैसे लेकर दवा देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत अपना दल के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश शुक्ला से की। शुक्रवार को वह हरचंद्र खेड़ा के नौगवां मिलन केंद्र में लगे स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ करने पहुंचे थे। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र मेें बुखार फैला हुआ है। शिशुपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई डॉक्टर नहीं है और फार्मासिस्ट शेखर सचान हर रोगी से पचास, सौ रुपये लेकर दवा देते हैं। उमेश शुक्ला ने बताया कि वह सीएमओ, निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के साथ केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को पत्र लिखकर अवगत कराएंगे। वहीं, सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने कहा कि जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डॉक्टर की तैनाती को लेकर कहा कि डॉक्टरों की कमी है, जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।