इसके बाद पुलिस उसे जिम लेकर गई। मंगलवार को उसकी पत्नी को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।हालांकि मामले के कई पीड़ितों ने राजीव की कार्यशालाओं में नामी लोगों का जिक्र किए जाने और ऑक्सीजन थैरेपी से जवान दिखने का दावा करने वाले ऑडियो व वीडियो पुलिस के सामने पेश कर दिए।
खाते में करीब 76 लाख रुपये का लेनदेन मिला
यही नहीं, पुलिस को अपनी जांच में भी कंपनी के स्टेट बैंक के खाते में करीब 76 लाख रुपये का लेनदेन मिला है। ऐसे में पुलिस भी अब ठगी की बात तो मान रही है लेकिन 35 करोड़ की रकम को लेकर वह साफ नहीं है। यही वजह है कि अब आरोपी के खिलाफ अगला कदम उठाने से पहले ऑडियो व वीडियो की फोरेंसिक रिपोर्ट के साथ ही बैंक खातों का ब्योरा सामने आने का इंतजार कर ही है।
सेल्स एग्जीक्यूटिव थी रिपोर्ट कराने वाली महिला
आरोपी राजीव ने बताया कि उसने किदवईनगर में रिवाइवल वर्ल्ड एजेंसी के नाम से दिसंबर 2022 में कंपनी खोली थी। 20 सितंबर को उसके खिलाफ किदवईनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने वाली रेनू सिंह चंदेल उसकी कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव थीं। कंपनी पिछले साल सितंबर में बंद हो गई तो रेनू ने उन्हें फोन कर पांच लाख की मांग की जो बाद में 10 व फिर 18 लाख तक पहुंच गई।
पीड़ित बोले- किसी के रुपये गए, किसी का चेहरा जला
जवान करने के मामले के आरोपी राजीव के दावों और आरोपों के बीच पीड़ितों ने पुलिस को इस संबंध में दिए गए प्रेजेंटेशन से जुड़े ऑडियो व वीडियो मुहैया कराए हैं। इन ऑडियो वीडियो में नामचीन लोगों का हवाला देकर इस्राइली मशीन के जरिये जवान बनाए जाने की बात कही गई है। सोमवार को पुलिस को बयान देने पहुंचे प्रमोद ने बताया कि उससे कहा गया था कि उसकी रकम छह महीने में दो गुनी हो जाएगी।
16 लोगों को जोड़ने की बात कही
चकेरी की रहने वाली प्रभा ने बताया कि शहर के कई बड़े लोग राजीव के प्रभाव में थे। वहीं, राजा का पुरवा निवासी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि श्यामनगर निवासी पीसी वर्मा और एक अन्य महिला के चेहरा जलने की वजह से सफेद हो गया था। अभिषेक ने अपने माध्यम से 16 लोगों को जोड़ने की बात कही। उधर, बर्रा आठ निवासी इंश्योरेंस एडवाइजर अमित वर्मा ने बताया कि वह अभिषेक के जरिये स्कीम से जुड़े।
विवेचक ने सीएमओ को पत्र भेज मांगी जानकारी
विवेचक प्रदीप सिरोही ने सीएमओ को पत्र भेजकर ये रिपोर्ट मांगी है कि क्या ऐसी कोई मशीन है, जो बूढ़े को जवान बना सकती है? साथ ही जो मशीन बरामद की गई है उसकी जांच के लिए भी कहा गया है। रिपोर्ट के लिए विवेचक ने सोमवार को दोबारा सीएमओ को पत्र भेजा है।
क्रिप्टो करेंसी में निवेश के संबंध में जानकारी मांगी
एसआईटी लगातार उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्हें जवान बनाने का वायदा किया गया था। साथ ही पुलिस आरोपी के फोन के जरिये पिछले छह महीने में की गई व्हाट्सएप व नॉर्मल कॉलिंग की जानकारी जुटा रही है। साथ ही राजीव से क्रिप्टो करेंसी में निवेश के संबंध में जानकारी मांगी गई है।
मामले में अभी तक केस में कोई धारा नहीं बढ़ाई गई है और न ही कोई नया मामला दर्ज किया गया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उनके मुताबिक धाराएं बढ़ाई जाएंगी। -अंकिता शर्मा, डीसीपी साउथ