कानपुर देहात। कानपुर- इटावा हाईवे पर शुक्रवार सुबह अकबरपुर ओवरब्रिज के पास ओवरलोड डंपर ने छात्रा को रौंद दिया। पास मौजूद पुलिस ने छात्रा को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसा कर भाग रहे डंपर के चालक व क्लीनर को दौड़ा कर पकड़ा है।
अकबरपुर थानाा क्षेत्र के आशापुरवा निवासी अजय कुमार पाल की बेटी प्रांशी (16) ब्राइट एंजिल स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ती थी। शुक्रवार सुबह वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। 8:20 बजे पर अकबरपुर में ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार मौरंग लदे डंपर ने उसे टक्कर मार कुचल दिया। हादसा कर भागने की कोशिश में छात्रा करीब 20 मीटर डंपर के साथ घिसटती रही। पास मौजूद पुलिस कर्मियों ने भाग रहे डंपर को रोकर छात्रा को बाहर को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. जयवर्धन ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अनहोनी पर पिता, मां सुषमा, भाई दुष्यंत व बहन प्रांजुल, नैनसी, साक्षी रोने- बिलखने लगीं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। थाना प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि हमीरपुर के कदौरा निवासी चालक सद्दाम व क्लीनर उवैद भोगनीपुर मौरंग लादकर बनार अलीपुर जा रहे थे। दोनों को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
............
इकलौते भाई को साथ नहीं ले गई छात्रा
छात्रा प्रांशी प्रतिदिन साइकिल से अपने इकलौते भाई दुष्यंत को स्कूल लेकर जाती थी। बहन प्रांजल ने बताया कि शुक्रवार सुबह दीदी ने भाई को साथ ले जाने से इन्कार कर दिया। मां के समझाने के बाद भी दीदी उसे साथ ले जाने के लिए राजी नहीं हुईं और अकेली साइकिल लेकर स्कूल के लिए निकल गईं। रास्ते में हादसा होने से दीदी की जान चली गई।
............
बेटी का डॉक्टर बनने का सपना रह गया अधूरा
प्रांशी की मौत पर अस्पताल में बिलख रहे पिता अजय कुमार पाल ने बताया कि बेटी पढ़ने में होशियार थी। उसके हाईस्कूल में 91 फीसदी अंक आए थे। बेटी पढ़ाई के साथ ही नीट की तैयारी कर रही थी। वह कहती थी कि पापा आपकी बेटी डॉक्टर बनेगी, लेकिन हादसे ने बेटी का सपना पूरा होने से पहले ही उसे परिजन से छीन लिया।
............
बिना नंबर प्लेट के फर्राटा भर रहा था डंपर
अकबरपुर ओवर ब्रिज के पास छात्रा को कुचल कर भाग रहे डंपर में एक भी नंबर प्लेट नहीं लगी थी। डंपर क्षमता से दोगुनी मौरंग लेकर जा रहा था। रास्ते में कई पुलिस की पिकेट से होकर गुजरने के बाद भी डंपर को नहीं रोका गया। इसी तरह जिले में प्रतिदिन बहुत से भारी वाहन बिना नंबर प्लेट के मौरंग व अवैध खनन का कार्य करते हैं। इनको लेकर जिम्मेदार पूरी तरह से बेखबर हैं। एडीएम अमित कुमार ने बताया कि जिले में भारी वाहनों के नंबर प्लेट व चेसिस नंबर का मिलान करने के बाद करीब 4000 से अधिक वाहनों पर जुर्माना व चालान किया जा चुका है। एआरटीओ को विशेष अभियान चलाकर बिना नंबर प्लेट लगाकर फर्राटा भरने वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।