इटावा/सैफई। सैफई मेडिकल कॉलेज की न्यू ओपीडी में दवा वितरण के छह में से सिर्फ दो काउंटर खोले जाने से मरीजों को खासी परेशान हुई। दवा के लिए कई घंटे तक मरीजों और तीमारदारों को लाइन में लगना पड़ा।
दवा वितरण काउंटरों पर गुरुवार सुबह से ही दवा लेने वालों की लंबी कतारें लगने लगीं। लोगों की सहूलियत के लिए यहां पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से छह काउंटर खोले गए हैं। लेकिन गुरुवार को दो काउंटर ही खुले। इस वजह से यहां आने वाले लोगों को कई घंटे तक लाइन में लगना पड़ा। मरीज और तीमारदारों ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही की वजह से काउंटर पर दवा लेने के लिए दो-दो घंटे तक खड़े रहना पड़ा।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन को सभी दवा वितरण काउंटर खोलने चाहिए। दवा लेने आए इटावा निवासी रामू यादव, सनोज यादव व मैनपुरी निवासी मनोज कुमार, वीरेंद्र कुमार का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही की वजह से यहां पर औषधि वितरण काउंटर नहीं खोले जाते हैं। यह अक्सर होता है। चिकित्सा अधीक्षक एसपी सिंह ने बताया कि संबंधित को निर्देश दिए गए हैं कि सभी औषधि वितरण काउंटर खोले जाएं।
अनुराग यादव ने बताया कि वह अपने मित्र करहल निवासी अशोक कुमार की तबीयत खराब होने पर न्यू ओपीडी के मेडिसिन विभाग में दिखाने आए हैं। यहां पर चिकित्सकों ने दवा लिखी है। डेढ़ घंटे से अधिक समय से लाइन में लगे हैं। जिम्मेदारों को सभी काउंटर खोलने चाहिए।
सैफई के खदरी निवासी जनवेद सिंह ने बताया कि उनकी तबीयत खराब थी। आर्थो वार्ड में बैठने वाले डॉक्टर काे दिखाया। उन्होंने दवा लिखी। चिकित्सकों को दिखाने में इतना समय नहीं लगा जितना दवा लेने में लग गया। अस्पताल में अक्सर ऐसा नजारा देखने को मिलता है।
कुछ कर्मचारी अवकाश पर होने की वजह से सभी काउंटर नहीं खुल सके। सामान्य दिनों में सभी काउंटर खोलने के आदेश हैं। काउंटरों के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी हाल में काउंटर बंद न हों।
- डॉ. एसपी सिंह, चिकित्सा अधीक्षक