कानपुर। लॉकडाउन में शहर के सभी स्कूल ऑनलाइन कक्षाएं चला रहे हैं। लेकिन अब यह ऑनलाइन कक्षाएं अभिभावकों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। अमर उजाला से अभिभावकों ने शिकायत करते हुए कहा कि इन ऑनलाइन कक्षाओं की वजह से दिनभर बच्चे फोन में लगे रहते हैं। अगर कभी उनसे फोन रखने के लिए कहो भी तो उनका तर्क होता हैं कि उन्हें स्कूल का काम करना है। ऐसे में बच्चे फोन के लती बनते जा रहे हैं। साथ ही उनकी आंखों की रोशनी पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि अब कुछ समय के लिए स्कूल को कक्षाएं बंद कर देनी चाहिए। ताकि बच्चों और अभिभावकों को कुछ राहत मिल सके। इसके साथ ही अभिभावकों ने कहा कि ऑनलाइन कक्षा में बच्चों को इतना ज्यादा काम दिया जा रहा है कि वह उसे करने में असमर्थ हो रहे हैं। साथ ही छोटे बच्चों का होमवर्क कराने के लिए दिनभर अभिभावकों को भी साथ में लगना पड़ता है। कुछ स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां कर दी गई हैं। वहीं कुछ स्कूलों में अभी भी ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं।