कानपुर। नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट (एनएसआई) परिसर में 722 हरे पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में पूर्व निदेशक ने पूरा ठीकरा सुरक्षा प्रभारी पर फोड़ दिया है। सूत्रों के अनुसार वन विभाग को दिए गए बयान में उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल कुछ पेड़ काटने के निर्देश दिए थे लेकिन इतनी बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाने की जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने इसके लिए सुरक्षा प्रभारी को जिम्मेदार बताया है। मामले में कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज है जबकि वन विभाग ने भी अलग से प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर रखी है। जांच अधिकारी एसडीओ आशीष जैन हैं। वहीं सुरक्षा प्रभारी ने भी वन विभाग में अपने बयान दर्ज कराए हैं। जांच टीम की ओर से जब्त अभिलेखों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। दो नोटिस जारी होने के बाद एनएसआई के अधिकारियों ने भी वन विभाग के समक्ष अपने बयान दर्ज कराने शुरू कर दिए हैं। (ब्यूरो)