कानपुर। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोगों को अब गेहूं ज्यादा और चावल कम मिलेगा। नई व्यवस्था के तहत तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल दिया जाएगा। यह बदलाव क्षेत्र के लोगों की खान-पान की आदतों को ध्यान में रखकर किया गया है। अभी तक गेहूं दो और चावल तीन किलाे मिलता था। शासन के इस फैसले से जिले के करीब 65,000 अंत्योदय और करीब सात लाख पात्र गृहस्थी कार्डधारक प्रभावित होंगे। कोरोना महामारी के दौरान शुरू हुई मुफ्त राशन वितरण योजना आज भी जरूरतमंदों का सहारा बनी हुई है। वहीं, अब बाजरा और मक्का मिलना बंद हो गया है। इन जिलों में सरकारी राशन का चावल बाजार में बेचे जाने की शिकायतें आ रही थीं। गांव-गांव फेरी लगाकर चावल खरीदने वाले सक्रिय थे और इसे दूसरे राज्यों तक भेजा जा रहा था। प्रशासन ने कई बार कार्रवाई भी की पर समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत राशन व्यवस्था में बदलाव कर दिया है। तीन किलो गेहूं और दो किलो मिलेगा चावल मिलेगा। अब बाजरा और मक्का बंद कर दिया है। (ब्यूरो)