कारोबारी प्रणवपत सिंहानिया को नशे का इंजेक्शन देकर होटल में बंधक बनाकर संपत्ति हड़पने के मामले में फजलगंज पुलिस ने आठ लोगों को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा संपत्ति बिकवाने वाले प्रापर्टी डीलर की भी तलाश की जा रही है। फजलगंज कालपी रोड के राधाकुंज निवासी प्रणवपत सिंहानिया ने स्वरूपनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि बिल्डर पिता-पुत्र अनूप अस्थाना, सुयश अस्थाना, बृजेंद्र मिश्रा व मेडिकल स्टोर संचालक श्री राम व 12 अज्ञात लोगों ने उसे स्वरूपनगर क्षेत्र स्थित होटल रॉयल क्लिफ व रीजेंटा में बंधक रखा था और उससे करीब 40 करोड़ की संपत्ति अपने नाम लिखवा ली थी। विवेचक थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि दो साल की सीडीआर निकाली गई है। इसकी रिकार्डिंग से पता चला है कि प्रणवपत के घर और कोपरगंज की जमीन पर अपार्टमेंट बनाने की तैयारी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद दोनों होटलों के प्रबंधन से जुड़े आठ लोगों को नोटिस जारी कर उन्हें जवाब देने के लिए बुलाया गया है।