कानपुर। फ्रेगरेंस एंड फ्लेवर डेवलपमेंट सेंटर (एफएफडीसी) कन्नौज में शनिवार को एमएससी केमिस्ट्री (फ्रेगरेंस एंड फ्लेवर) और एक वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए परिचय कार्यक्रम आयोजित हुआ। सीएसजेएमयू (सीएसजेएमयू) प्रशासन के अनुसार इसमें शामिल विद्यार्थियों को एरोमा टूलकिट वितरित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की ओर से तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के नए विचारों से नए उत्पाद विकसित हो सकते हैं और उन्हें स्टार्टअप की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। कोर्स समन्वयक डॉ. इंद्रेश कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को दी जा रही ट्रेनिंग, प्रोजेक्ट और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक और एफएफडीसी के प्रधान निदेशक शक्ति विनय शुक्ल ने किया। इस दौरान प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी, योगेश दुबे, पवन त्रिवेदी समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे।