मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती घायल बिट्टन देवी को सीटी स्कैन कराने ले जाता पुलिसकर्मी व परिजन
- फोटो : अमर उजाला
कन्नौज जिले में रंजिश के चलते पड़ोसियों ने घर में घुसकर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से परिवार हमला कर दिया। इस दौरान पीट-पीटकर वृद्धा की हत्या कर दी। पुलिस ने हमले में घायल मृतक की पत्नी, बेटे और पौत्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां पत्नी और बेटे की हालत गंभीर है।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में दबिश तेज की है। रविवार सुबह करीब आठ बजे छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सबलपुर निवासी सुरेश चंद्र कठेरिया (65) , उसकी पत्नी बिट्टन देवी (60), बेटे कमलेश (45) और पौत्र रामू (28) घर पर चाय पी रहे थे।
रंजिश के चलते पड़ोसी परिवार के लोगों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों के साथ घर में घुसकर परिवार हमला कर दिया। हमलावरों ने बेरहमी से पीट-पीट कर सुरेश चंद्र कठेरिया की हत्या कर दी। जबकि धारदार हथियारों से बिट्टन देवी, बेटे कमलेश और पौत्र रामू को घायल कर दिया।
पुलिस ने सुरेश के शव को कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां गंभीर हालत में बिट्टन और कमलेश के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों का उपचार चल रहा है। वहीं वारदात के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई है। जल्द सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।