हाल ही में आई एनसीआरबी की रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि उत्तर प्रदेश में सड़क हादसों में सबसे ज्यादा जानें कानपुर में जाती हैं। वर्ष 2021 में शहर में 1373 लोगों की जानें सड़क हादसों में गईं थीं। यह आंकड़ा प्रदेश में शीर्ष पर है। दूसरे नंबर पर लखनऊ है जहां 692 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई। तीसरे पर वाराणसी है। शहर के आंकड़ों से स्पष्ट है कि पहले भी हादसे यहां सबसे अधिक हुए हैं। भीतरगांव में हुआ हादसा आउटर क्षेत्र में अबतक का सबसे बड़ा सड़क हादसा बताया जा रहा है। जिसमें दो दर्जन से अधिक मौतें हुईं।
पूरे देश में दसवें नंबर पर है कानपुर
रिपोर्ट में देश के 53 प्रमुख शहरों का आंकड़ा जारी किया गया है। पूरे देश में भी कानपुर शहर सड़क हादसों में हुई मौतों के मामले में 10वें नंबर पर है। इसके चलते केंद्र सरकार ने अलग-अलग प्रदेशों में यातायात के नियमों को कड़े किए हैं ताकि सड़क पर हादसे कम हों। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने की राशि को भी कई गुना बढ़ा दिया गया है लेकिन, इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है।