इटावा/बकेवर। सरसों का मूल्य बढ़ने से सरसों के तेल के दाम बढ़ने से ग्राहकों की जेब पर इसका असर पड़ने लगा है। डेढ़ माह के अंदर सरसों के तेल का भाव 60 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं। डेढ़ माह पहले बाजार में सरसों का दाम लगभग पांच हजार रुपये क्विंटल था। तब सरसों का तेल 120 रुपये किलो के भाव पर बिक रहा था। अब वर्तमान में सरसों लगभग 7200 रुपये क्विंटल पर बिक रही है। ऐसे में सरसों के तेल के दाम 180 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि सावन के साथ ही त्योहार भी आ रहे हैं, ऐसे में तेल के दाम और बढ़ सकते हैं। इससे ग्राहकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इसका सीधा लाभ व्यापारियों और आढ़तियों को मिल रहा है, जिन्होंने सरसों का अच्छा खासा स्टॉक कर रखा है। उन्हें इस समय सरसों में 1000-1200 रुपये प्रति क्विंटल का मुनाफा हो रहा है।