सपा विधायक इरफान सोलंकी पेशी पर आए तो एक बार भड़क गए। दरअसल वापस जाने के लिए जब एसीपी ने उनके कंधे पर हाथ रखा तो हाथ छिटक दिया। बोले, ये क्या तरीका है? इसके बाद विधायक गाड़ी में बैठे और महराजगंज जेल के लिए रवाना हो गए। विधायक पर आगजनी, रंगदारी व गैंगस्टर एक्ट के तहत दो महीने में आठ केस दर्ज किए गए हैं।
13 दिन पहले उनको कानपुर से महराजगंज जेल शिफ्ट किया गया था। बुधवार को उनकी पेशी थी। कड़ी सुरक्षा में विधायक को कोर्ट लाया गया। पेशी के बाद जब कोर्ट से बाहर निकले तो तमाम समर्थक इकट्ठा थे। वह नारेबाजी करने लगे। विधायक ने भी विक्ट्री साइन बनाया। इसी दौरान एसीपी चकेरी अमरनाथ यादव ने गाड़ी में बैठाने के लिए विधायक के कंधे पर हाथ रख दिया। इस पर विधायक ने नाराजगी जताई और कहा कि इस तरह का व्यवहार करना किसने सिखाया।
जेल में किया जा रहा प्रताड़ित
विधायक ने पुलिस पर टिप्पणी भी की। पत्रकारों से कहा कि कागज भी इनका, कलम भी इनकी, लेकिन अदालत सबकी है। मैं तब भी बेगुनाह था और आज भी हूं। उन्हें अदालत पर भरोसा है। एक दिन न्याय जरूर मिलेगा। आरोप लगाया कि जेल में उनको प्रताड़ित किया जा रहा है। बेहद बुरा बर्ताव उनके साथ हो रहा है।