महिला की मां ने ससुरालीजनों की प्रताड़ना के चलते महिला का मानसिक संतुलन बिगड़ने का आरोप लगाया है। जलालपुर थानाक्षेत्र के पुरैनी गांव निवासी सुमन (25) की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व जालौन के आटा थानांतर्गत ददरी गांव निवासी महेंद्र से हुई थी।
ससुरालियों ने मारापीटा और गंदे आरोप लगाए
सुमन की मां जनकिया ने आरोप लगाया कि ससुरालीजनों की प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। ससुरालीजनों ने उसे मारापीटा, मोबाइल पर बात करने को लेकर गंदे आरोप लगाए। इस पर मुकदमा चला और बेटी की हालत बिगड़ती चली गई।
बेटी को जंजीर से बांधकर रखना पड़ता है
दो साल पहले वह मायके आकर रहने लगी। वह घर से कहीं निकल न जाए, इसलिए उसे जंजीर से बांधकर रखना पड़ता है। उन्होंने बताया कि 12 दिन पूर्व वह डीएम व एसपी से मिली थीं। उन्होंने अधिकारियों को बेटी के बारे में जानकारी दी।
चिकित्सकों ने युवती को कानपुर रेफर कर दिया
इस पर उन्होंने उसके ठीक होने की बात कहकर इलाज कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि बेटी दो साल से जंजीरों में कैद है। उसे मंगलवार को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। इमरजेंसी में तैनात डॉ. मोहित के अनुसार महिला मानसिक रूप से बीमार है।
जिलाधिकारी बोले- मामले की जांच कराई जाएगी
वह बार-बार बोल रही थी कि छोड़ दो मैं भाग जाऊंगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव सिंह ने बताया कि एसडीएम सरीला का महिला को लेकर फोन आया था। इस पर प्रकरण की जानकारी हुई है। इस पर उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उसे कानपुर रेफर किया गया है। वहीं, जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने मामले की जांच करानी की बात कही है।