कानपुर। छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शहर के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। महापौर ने तीन दिन में मंडलायुक्त और मुख्य विकास अधिकारी के साथ बैठक कर नहर विभाग से जुड़े कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए। सीटीआई नहर पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को पानी रोककर रिटेनिंग वॉल की मरम्मत और लीकेज बंद कराने के लिए कहा गया। नहर की दूसरी पट्टी पर चार महीने से जमा सिल्ट देखकर महापौर ने नाराजगी जताई और तत्काल हटाने के निर्देश दिए। यहां 31 अक्तूबर से काम शुरू होगा। निगरानी के लिए राजस्व निरीक्षकों की पालीवार ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके बाद साकेतनगर और अर्मापुर नहर का निरीक्षण कर सफाई, रास्ते बनाने और लाइटों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। (संवाद)