अश्लील फेसबुक आईडी देखकर परेशान है कल्याणपुर की एक लड़की
कानपुर में एक लड़की की सोशल नेटवर्किंग साइट से फोटो चुराकर अश्लीलता फैलाने का मामला सामने आया है।
कल्याणपुर इलाके की लड़की की तस्वीर लगाकर किसी ने अश्लील फेसबुक आईडी बना दी। ऐसा करने वाले ने न केवल लड़की को बदनाम किया बल्कि उसके रिश्तेदारों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उनके अकाउंट में गंदे-गंदे कमेन्ट और अश्लील पोस्ट शेयर कर उन्हें भी परेशान करना शुरु कर दिया है। रिश्तेदारों ने ही लड़की को यह बताया कि उसके नाम से अश्लील कमेन्ट आ रहे हैं। पुलिस की साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है।
कल्याणपुर निवासी युवती ने बताया कि उसने मैट्रीमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था, जिसमें उसने अपने कुछ फोटो अपलोड किये थे। किसी ने उन फोटो से छेड़छाड़ कर फेसबुक पर अश्लील आईडी बना दी। साथ ही प्रोफाइल को भी अश्लील शब्दों से भर दिया। इसके बाद उसके रिश्तेदारों को मैसेज और पोस्ट किए। लड़की ने थाने में शिकायत की लेकिन सुनवाई न होने पर उसने एसीएमएम-2 की कोर्ट में अर्जी लगाई, कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।