कानपुर। गोविंदनगर पुलिस ने शुक्रवार को हिस्ट्रीशीटर सागर शुक्ला व उसके साथी आकाश सोनकर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर रेलवे की जमीन कब्जाने के विरोध में एक युवक को मरणासन्न करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। गोविंदनगर अतिरिक्त इंस्पेक्टर अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सेवाग्राम काॅलोनी निवासी हरिशंकर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया था कि इलाके के विष्णु और सागर शुक्ला रेलवे की खाली जमीन कब्जाना चाहते थे। हरिशंकर और उनके भाई उमाशंकर ने इसका विरोध किया। इससे नाराज होकर विष्णु, सागर, आकाश, साहिल, शंकर व छह अज्ञात ने उमाशंकर पर राॅड से हमला किया था। उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग निकले थे। इंस्पेक्टर के अनुसार सागर के खिलाफ 29 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अधिकतर चोरी के मामले हैं जो कानपुर सेंट्रल के जीआरपी थाने में दर्ज हैं। (संवाद)