सैफई। बेंगलुरु में चल रही अंतरराष्ट्रीय अंडर -15 सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई की टीम फाइनल मुकाबले में पहुंची। टीम का फाइनल मुकाबला 28 को मेघालय के साथ करवाया जाएगा।
अंडर -15 सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 अगस्त से हुआ था। इसमें मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई की फुटबॉल टीम भी प्रतिभाग कर रही है। सैफई की टीम ने अपने सभी लीग मैच जीतकर, क्वार्टर फाइनल में पश्चिम बंगाल को 3-2 से हराया। इसके बाद हुए सेमीफाइनल मुकाबले में चंडीगढ़ को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। टीम का फाइनल मैच मेघालय से 28 अगस्त को खेला जाएगा। स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य सर्वेंद्र सिंह चौहान ने टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए फाइनल मुकाबला जीतने के लिए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया है।