बकेवर। ग्राम पंचायत असदपुर के पंचायत भवन में सोमवार को विकास योजनाओं को लेकर हुई बैठक में ग्रामीणों के बैठने के लिए कुर्सियां कम पड़ गईं। ग्राम प्रधान और सचिव कुर्सियाें पर विराजमान रहे और वहीं ग्रामीणों को जमीन पर बैठाया गया। इनमें कई महिलाएं भी शामिल थीं। महेवा ब्लॉक की ग्राम पंचायत असदपुर में ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने के लिए सोमवार को ग्राम सभा की एक खुली बैठक बुलाई गई थी। इस मौके पर पंचायत घर में डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया जाना था। ग्रामीण दिनेश, आशा राम, देवेश का कहना है कि खुली बैठक में अधिक से अधिक ग्रामीणों को बुलाया गया था लेकिन इसके बाद भी उनके लिए कुर्सियां नहीं मंगाई गईं। इस संबंध में सचिव रवि शंखवार का कहना रहा कि पंचायत में कुर्सियां कम थी। ग्रामीणों के अधिक आने की संभावना थी इस कारण पंचायत घर में ही फर्श पर चादर बिछाकर ग्रामीणों के बैठने की व्यवस्था की गई। वहीं इस संबंध में बीडीओ महेवा ब्रज बिहारी लाल त्रिपाठी का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है वह इसको लेकर सचिव से बात करेंगे।