चित्रकूट जिले में रानीपुर खाकी में सोमवार सुबह प्रेमिका के घर पर प्रेमी युगल के शव फंदे पर लटके मिले। महिला विधवा थी, जबकि युवक अविवाहित था। पुलिस ने इसे आत्महत्या माना है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों के सजातीय न होने की वजह से घर वाले शादी के लिए राजी नहीं थे।
सीतापुर थाना क्षेत्र के गांव रानीपुर खाकी की सुनीता देवी (30) के पति राजेंद्र उर्फ साधु मौर्य की तीन साल पहले मौत हो गई थी। सुनीता का मायका बांदा में अतर्रा के आउ गांव में है। उसके सास ससुर अलग रहते हैं। घर पर महिला और उसकी सात वर्ष की बेटी ही रहती थी। महिला का गांव के ही कैलाश यादव (21) के साथ काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कैलाश अविवाहित था। दोनों शादी करना चाहते थे। सजातीय न होने पर कैलाश के घरवाले राजी नहीं थे।