हरदोई जिले के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र मेंं बाइक सवार दो बदमाशों ने चाकू के बल पर बुजुर्ग से 50 हजार रुपये लूट लिए। बुजुर्ग बैंक में रुपये जमा करने जा रहा था। वहीं पुलिस ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है। कोतवाली क्षेत्र के रघ़ुवीर पुरवा गांव निवासी मोती लाल (63) शुक्रवार को बिलग्राम स्थित बैंक में रुपये जमा कराने के लिए घर से निकले थे।
परसोला गांव के पास वह सवाररीवाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और लिफ्ट देने के बहाने मोतीलाल को बाइक के बीच में बैठा लिया। कुछ दूर चलने के बाद मोतीलाल को लगा कि उनकी जेब से रुपये निकाले जा रहे हैं। इस पर जेब में हाथ डालकर देखा तो जेब कट चुकी थी और उसमें रखे 50 हजार रुपये गायब थे।
मोतीलाल ने शोर मचाया तो बदमाशों ने उन पर चाकू तान दिया। इसके बाद मोतीलाल को बाइक से उतारकर बदमाश भाग निकले। मोतीलाल ने 112 पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पुलिस ने पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक फूल सिंह का कहना है अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।