कमालगंज। महमदगंज मड़ैयन घाट पर बनने वाले पुल से कस्बे की गंगा गली आने वाले मार्ग के लिए कट दिए जाने की मांग जोर पकड़ रही है। करीब आधा दर्जन ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा गया।
कमालगंज-हरदोई मार्ग पर करीब दो किलोमीटर लंबे पुल का काम शुरू हो रहा है। पुल से आने वाला रास्ता रजीपुर के पास माहेश्वरी ईंट भट्ठा के निकट मिलेगा। ग्राम पंचायत छीतापुर कपूरापुर ,बहोरनपुर टप्पा हवेली, देवरान गढ़िया, गंगापार क्षेत्र की ग्राम पंचायत तेरा अकबरपुर, महमदगंज, सवासी, बसायकपुर, धीरजपुर सहित 10 से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कहा है कि पक्के पुल का 400 मीटर का पहुंच मार्ग जहां पर समाप्त हो वहां से कमालगंज की गंगा गली मार्ग के लिए केवल एक कट दे दिया जाए। इससे बाइक, ट्रैक्टर, पिकअप व अन्य छोटे वाहन वाले लोग सीधे कमालगंज कस्बे आ सकेंगे। क्योंकि गंगा मार्ग तक आने वाला कच्चा मार्ग करीब 12 मीटर चौड़ा पहले से ही बना है। गंगा गली के अलावा कान्हा गोशाला, देवरान गढ़िया होते हुए भी छोटे वाहन आसानी से कमालगंज मंडी आ सकेंगे। मुख्य सड़क रजीपुर के पास मिल जाए, उससे कोई दिक्कत नहीं है।
छीतापुर कपूरापुर की प्रधान राममूर्ति देवी व महमदगंज की राजेश्वरी देवी ने कहा कि सेतु निगम अपनी ड्राइंग में गंगा मार्ग के लिए एक कट को शामिल किया जाए। यह मांग पूरे क्षेत्र की जनता की है।