Kannauj News: एसडीएम रामकेश सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार हिमांशू प्रभाकर की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृश्टया लेखपाल अजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कन्नौज जिले में ग्राम सभा में पट्टे के लिए दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाले लेखपाल को निलंबित कर दिया गया। सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के बाद सदर एसडीएम ने इसे संज्ञान में लिया और नायब तहसीलदार से जांच कराई। उनकी जांच आख्या के आधार पर एसडीएम ने यह कार्रवाई की है। शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में एक लेखपाल किसी लाभार्थी से पट्टे की पत्रावली तैयार करने के लिए दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
विज्ञापन
इस ऑडियो को सदर एसडीएम रामकेश सिंह ने गंभीरता से लिया और नायब तहसीलदार सदर हिमांशु प्रभाकर को जांच सौंपी। शाम को नायब तहसीलदार ने जांच रिपोर्ट सौंपी, जिसमें बताया गया कि वायरल ऑडियो में लेखपाल अजय कुमार की आवाज है जो पट्टे के नाम पर किसी ग्रामीण लाभार्थी से दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है, जबकि लाभार्थी पांच हजार रुपये देने को तैयार है।
यह मामला सदर तहसील क्षेत्र की किस ग्राम पंचायत से संबंधित है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसके लिए उसकी आवंटित ग्राम पंचायतों के लाभार्थियों से बात कर पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सदर एसडीएम रामकेश सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार हिमांशू प्रभाकर की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृश्टया लेखपाल अजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और इस प्रकरण की जांच नायब तहसीलदार जलालाबाद सतीश कनौजिया को सौंप दी गई है।