कानपुर। कोहना थाना क्षेत्र के रानी का बगीचा में शनिवार रात होटल में काम करने वाले युवकों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट का वीडियो वायरल है। कुछ लोगों को चोटें भी आईं हैं। कोहना थाना प्रभारी ने बताया कि आर्यनगर इलाके का रहने वाले कृष्णा वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार वह कंपनी बाग चौराहे के पास स्थित एक होटल में नौकरी करता है। जहां कृष्णा सोनकर, अभिषेक निषाद और रितेश निषाद भी साथ काम करते हैं। काम करने के दौरान उन लोगों से विवाद हो गया था। इसके बाद रात करीब नौ बजे आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। थाना प्रभारी के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में नामजद एवं अज्ञात आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। (संवाद)