कानपुर में कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए आयुध उपस्कर निर्माणी ओईएफ ने 18 घंटे में देश का पहला दो बेड वाला सर्जिकल मेडिकल टेंट टू-एम तैयार कर लिया है। इसे आइसोलेशन वॉर्ड के तौर पर कहीं पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इस टेंट में दो बेड के अलावा मेडिकल संबंधी तमाम उपकरण आसानी से रखे जा सकेंगे। इसी तरह लघु शस्त्र निर्माणी में पांच घंटे में सैनिटाइजर बनाया गया। ओईएफ के जनसंपर्क अधिकारी नोमान हफीज ने बताया कि आयुध निर्माणी बोर्ड की ओर से मिले निर्देश के बाद निर्माणी के तकनीकी कर्मचारियों-अधिकारियों ने इस सर्जिकल मेडिकल टेंट को तैयार किया है। इस टेंट की खासियत यह है कि यह वाटरप्रूफ है और अलग-अलग तापमान में भी किसी प्रकार की समस्या नहीं आएगी। पोर्टेबल होने के कारण इसे कहीं पर भी आसानी से ले जाया सकता है। निर्माणी में इस तरह के 30 टेंट प्रतिदिन बनाए जा सकते हैं। इसकी निर्माण लागत करीब 30 हजार रुपये है। इस टेंट को बनाकर बोर्ड भेज दिया गया। वहां से निर्देश मिलने के बाद इसका उत्पादन शुरू किया जाएगा। बताया कि अरुणाचल प्रदेश के डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी को 50 आइसोलेशन टेंट 4-एम की पहली खेप रवाना की जा चुकी है। यह टेंट टू-एम की तुलना में बड़ा है।